मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने पुनौराधाम मंदिर निर्माण एवं संपूर्ण प्रक्षेत्र के विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की। सीतामढ़ी जिला के पुनौराधाम मंदिर परिसर में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित मां सीता पुनौराधाम मंदिर के प्रगति कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रमुख शहरों से पुनौराधाम की संपर्कता तीर्थ यात्रा सुविधा केंद्र, प्रेक्षागृह, गर्भगृह और सीताकुंड का विकास, बिल्डअप एरिया, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा तैयार परियोजना विवरण, पीठाधीश्वर निवास, वी०आई०पी० एवं संत निवास, रेलवे स्टेशनों की स्थिति, माता जानकी के जन्मकुंड परिसर का उद्धार, मास्टर प्लान, सुरक्षा के दृष्टि से किए जाने वाले कार्य, प्रस्तावित सीतापुरम, सेटेलाइट टाउनशिप आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि मिट्टी परीक्षण और सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है, बैरिकेडिंग का कार्य प्रगति पर है। पुनौराधाम मंदिर परिसर के गर्भ गृह और कुंड को भी विकसित किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि माता जानकी के पुनौराधाम मंदिर का निर्माण कार्य 31 दिसंबर, 2028 तक हर हाल में पूर्ण कराएं। मंदिर निर्माण का कार्य बेहतर ढंग से करायें, इसका पूर्णरुपेण ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि यहां हमलोगों ने ऑर्गनाइज्ड तरीके से टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि माता सीता के जीवन से जुड़े जितने भी स्थान हैं उन्हें पुनौराधाम से जोड़ने का कार्य सुनिश्चित कराएं ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु कुछ दिनों तक रुककर भ्रमण एवं दर्शन कर सकें। यहां के महंथ जी ने लक्ष्मणा नदी के विषय में जो बातें कही है उसको ध्यान में रखते हुए कार्य सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक से पहले माता जानकी मंदिर, पुनौराधाम मां जानकी की प्रकाट्य स्थली (मां सीता उर्विजा कुंड) में पूजा-अर्चना कर राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की
कामना की। प्रस्तावित माता जानकी, पुनौराधाम मंदिर के मॉडल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन भी किया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं, जिला प्रशासन एवं पुनौराधाम मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री एस०पी० सिंह बघेल, सांसद श्री देवेशचंद्र ठाकुर, सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री सुनील कुमार पिंटू, विधायक श्रीमती गायत्री देवी, विधायक श्री पंकज कुमार मिश्रा, विधायक श्री रामेश्वर महतो, विधायक श्री नागेंद्र राउत, विधायक डॉ० श्वेता गुप्ता, विधायक श्री अमित कुमार, विधायक श्री अनिल कुमार, विधायक श्री वैद्यनाथ प्रसाद, विधान पार्षद श्रीमती रेखा कुमारी, विधान पार्षद श्री वंशीधर ब्रजवासी, पुनौराधाम मंदिर के महंथ श्री कौशल किशोर दास महाराज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, ऑपरेशन श्री कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
