पाँच सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर गए पंचायत सचिव के प्रतिनिधि एवं विभाग के बीच बुधवार को एक सकारात्मक वार्ता संपन्न हुई।
विभाग के निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत सचिवों के प्रतिनिधि एवं विभाग के बीच हुई बातचीत में कई मुद्दों पर परस्पर सहमति बनी है। स्थानांतरण-पदस्थापन’ के संबंध में पंचायत सचिव के प्रतिनिधि ने पंचायत सचिव संघ के सदस्यों से विमर्श कर विभाग से पुनः संवाद करने एवं अवगत कराने के लिए कहा है।
निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने कहा कि पंचायत सचिव ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था एवं पंचायत शासन प्रणाली के महत्वपूर्ण अंग हैं। विभाग उनके दायित्वों एवं योगदान का पूर्ण सम्मान करता है तथा उनके कार्य निष्पादन को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
पंचायती राज विभाग सदैव संवाद, समन्वय एवं संस्थागत विमर्श के माध्यम से समस्याओं के समाधान का पक्षधर रहा है। पंचायत सचिवों के संशय एवं समस्याओं के समाधान हेतु विभाग पंचायत सचिव प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद कर रहा है।
विभाग को विश्वास है कि पंचायत सचिव संघ जनहित, ग्रामीण सेवा वितरण की निरंतरता तथा पंचायत प्रशासन की सुचारु व्यवस्था के प्रति संवेदनशील रहते हुए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाएगा, जिससे आम नागरिकों को प्रदत्त सेवाएँ निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।
