राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित ईस्कॉन मंदिर के सामने रशियन जलपरी डिज्नीलैंड मेला का भव्य उद्घाटन संध्या 5 बजे किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुनील कुमार (राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक, जदयू) ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेश कुमार उर्फ राजू यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए और आयोजन की सराहना की।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, बच्चे और परिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मेले के विभिन्न स्टॉल और झूलों का निरीक्षण किया तथा आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में भी नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस डिज्नीलैंड मेले में कई आकर्षक और रोमांचक व्यवस्थाएं की गई हैं, जो खासकर बच्चों और युवाओं को अपनी ओर खींच रही हैं। मेले का मुख्य आकर्षण ‘रशियन जलपरी’ शो है, जो अपने अनोखे प्रदर्शन के कारण दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके अलावा ‘भूत बंगला’ और ‘रक्षा शो’ भी लोगों को रोमांच और उत्साह का अनुभव करा रहे हैं। अजमेरी नौका झूला मेले में आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, साथ हीं टावर झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन, मिकी माउस, मिनी ट्रेन, वाटर बोट, टोरा टोरा आदि झूले का भी बच्चे और युवा भरपूर आनंद उठा रहे हैं।

मेले के आयोजन में अमित कुमार, मिथलेश कुमार और नवनीत कुमार की अहम भूमिका रही, जबकि प्रबंधन की जिम्मेदारी सुभाष कुमार, जितेंद्र कुमार और धनंजय कुमार समेत अन्य सहयोगियों ने संभाली। आयोजकों ने बताया कि मेले में सुरक्षा, साफ-सफाई और दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मेला आने वाले दिनों में पटना वासियों के लिए मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।
