जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने जारी बयान में कहा कि बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण की जो मिसाल आज देखने को मिल रही है, वह माननीय श्री नीतीश कुमार द्वारा की गई सामाजिक परिवर्तन की देन है। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाएँ आज न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हुई हैं, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। स्वरोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के माध्यम से वे अपने परिवार और राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रही हैं।
इस परिवर्तन के पीछे माननीय श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी नीतियाँ और ठोस निर्णय हैं। माननीय श्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण को केवल एक नारा नहीं, बल्कि नीति का केंद्र बनाया। पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्होंने उन्हें निर्णय प्रक्रिया का भागीदार बनाया, जिससे लाखों महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला और उनकी सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित हुई।
आज बिहार की महिलाएँ हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं-चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य, प्रशासन या व्यवसाय। वे न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक भी बन रही हैं। यह बदलाव बिहार के विकास की नई दिशा को दर्शाता है, जहाँ महिलाएँ अब मजबूर नहीं, बल्कि सशक्त और आत्मविश्वासी हैं।
महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है। जद (यू) आगे भी इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा, ताकि बिहार की हर महिला को सम्मान, अवसर और आत्मनिर्भरता का अधिकार मिल सके।
