शुक्रवार को दीपक प्रकाश ने पंचायती राज विभाग, बिहार, पटना में मंत्री पद का पदभार ग्रहण किया। मनोज कुमार, सचिव, पंचायती राज विभाग, बिहार ने माननीय मंत्री, पंचायती राज विभाग, बिहार का पुष्प गुच्छ भेंट कर विभाग में स्वागत किया।
विभाग में दूसरी बार मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करते हुए सचिव, पंचायती राज विभाग, बिहार से विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निदेश दिए। माननीय मंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत राज्य की ग्राम पंचायतों में अधिष्ठापित सोलर स्ट्रीट लाईट्स के रख-रखाव एवं योजना के क्रियान्वन से संबंधित प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए निदेशक, पंचायती राज विभाग,बिहार को निदेशित किया। साथ ही वित्त आयोग द्वारा सम्पोषित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति ले कर तेजी से धरातल को योजनाओं पर उतारने हेतु इस दिशा में महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेने के लिए सचिव, पंचायती राज विभाग,बिहार को निदेशित किया।
माननीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्राम पंचायतों को विकास की सशक्त इकाई के रूप में स्थापित करने के लिए पूर्व की भांति ही प्रतिबद्ध है तथा पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में विभाग निरंतर कार्य करता रहेगा। माननीय प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत @2047 एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकसित बिहार के निर्माण में पंचायती राज विभाग, बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका है। जन आकांक्षाओं को पूर्ण करते हुए, समाज के अंतिम तबके तक जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचा कर तथा त्रि–स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों का क्षमता संवर्धन सुनिश्चित कर विभाग देश और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने हेतु प्रतिबद्ध हो कर कार्य करेगा।
इस अवसर पर नवीन कुमार सिंह, निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहें।
