बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज पटना स्थित रेर विंडो में आयोजित EWA बिहार मीट 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह आयोजन Ex-Westcottian Association (EWA) द्वारा Bishop Westcott Boys’ School, नामकुम, रांची के पूर्व छात्रों के मिलन एवं आगामी शताब्दी वर्ष 2027 की तैयारियों को लेकर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य श्री जे. जे. एडविन एवं हॉस्टल निदेशक श्री ऑब्रे थॉमसन उपस्थित रहे, जबकि पूर्व प्रधानाचार्य श्री आर. आई. थॉर्नटन एवं सुश्री जैकब ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और अपने शुभकामना संदेश दिए।

अपने संबोधन में बिहार विधान। सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि EWA बिहार मीट केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि स्मृतियों, संस्कारों और आत्मीय संबंधों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि बिशप वेस्टकॉट बॉयज स्कूल ने लगभग एक शताब्दी से शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और उत्कृष्टता की जो परंपरा स्थापित की है, वह अनुकरणीय है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वर्ष 2027 में विद्यालय अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। यह अवसर केवल एक संस्थान के शताब्दी वर्ष का नहीं, बल्कि उन हजारों विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव है जिन्होंने समाज, राष्ट्र और विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी उसके पूर्व छात्र होते हैं और आज यहां उपस्थित सभी पूर्व छात्र विद्यालय की गौरवशाली विरासत के सशक्त प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला भी होता है। यहीं से प्राप्त संस्कार, अनुशासन और मित्रता जीवनभर हमारा मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने एक्स-वेस्टकोटियन एसोसिएशन द्वारा “Together Forever” की भावना को साकार करते हुए पूर्व छात्रों को एक मंच पर जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षित एवं जागरूक नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उन्हें शिक्षा, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने आगामी शताब्दी समारोह की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री जे. जे. एडविन ने अपने संबोधन में विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं का उल्लेख करते हुए सभी पूर्व छात्रों से शताब्दी समारोह में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के 100 वर्ष पूरे होना उन पीढ़ियों की उपलब्धियों का उत्सव है जिन्होंने Westcott की विरासत को आगे बढ़ाया है।
कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने अपने विद्यालय जीवन की स्मृतियां साझा कीं तथा शताब्दी समारोह को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। EWA के अध्यक्ष श्री विजय कुमार सिंह ने संगठन की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर श्री मनोज चंद्रवंशी, श्री विशाल सिन्हा, श्री अशोक प्रसाद, श्री सतीश कुमार, श्री राहुल कुमार सिंह, श्री भास्कर सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वर्ष 2010-11 बैच के पूर्व छात्र एवं लीगल बाइट्स के संस्थापक श्री मयंक शेखर ने किया।
सौहार्द, मित्रता और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण इस आयोजन में सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए तथा समूह छायाचित्र एवं सामूहिक संवाद के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
