राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने महामहिम राज्यपाल को पत्र लिखकर नियोजित शिक्षकों को समय पर वेतन भुगतान करने एवं नियमावली में प्रावधान के अनुसार उन्हें प्रोन्नति देने के लिए स्वयं हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

महामहिम राज्यपाल को लिखे पत्र में राजद प्रवक्ता ने बताया कि नियोजित शिक्षकों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिल रहा है जिसकी वजह से शिक्षक एवं उनका परिवार भुखमरी के कगार पर है। राज्य के नियोजित शिक्षकों को विगत चार महीनों से नियमित वेतन का भुगतान नहीं होना अत्यंत चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजद प्रवक्ता ने बताया कि नियमावली में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति तथा प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति नहीं दी जा रही है। जबकि नियमावली के अनुसार 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति, बेसिक ग्रेड में 8 वर्ष की सेवा पर स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति तथा स्नातक ग्रेड में 5 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर मध्य विद्यालय प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति देने का प्रावधान है। उन्होंने महामहिम राज्यपाल को लिखे पत्र में नियोजित शिक्षकों के ईपीएफ अंशदान की कटौती वास्तविक भुगतेय मूल वेतन के आधार पर सुनिश्चित करने की मांग की है।
