भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए छात्रों के प्रदर्शन के लिए केन्द्र और राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेवार है। घटना की जिम्मेवारी सरकार को लेनी होगी। ट्रेन समय पर आई रहती और पर्याप्त संख्या में परीक्षार्थियों के लिए यात्रा के संसाधन की व्यवस्था की जाती तो इस तरह की घटना नहीं घटती।

राज्य सचिव ने कहा कि मद्यनिषेध सिपाही भर्त्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी पाटलिपुत्र स्टेशन पर जुटे थे। लेकिन समय पर ट्रेन नहीं आयी और न ही विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई। जिससे परीक्षार्थी उग्र हो गये और प्रदर्शन किया। परीक्षार्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज की और फायरिंग किया इससे छात्र और उग्र हो गए।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा मद्य निषेध सिपाही के 1697 पदों के भर्त्ती निकली गई है। बेरोजगारी का आलम है कि 16 लाख विद्यार्थियों ने फार्म भरा है।
इतने बेरोजगार जिस समाज में रहेंगे वह असुरक्षित रहेगा। राज्य अंदर अत्यधिक बेरोजगार युवा असंतोष चरम पर है, जो ऐसी घटनाओं के बहाने समय-समय पर उजागर हो रहा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी परीक्षार्थियों पर फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और आगे से परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेन और बस चलाने की मांग करती है।
