जद (यू0) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के मा0 उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चैधरी एवं मा0 मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आमजन एवं कार्यकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके से ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री विजय कुमार चैधरी ने मीडिया से सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के संबंध में स्थानीय अंग्रेजी अखबार द्वारा मार्ग परिवर्तन को लेकर प्रकाशित खबर को भारत सरकार की एजेंसी एन.एच.ए.आई ने स्पष्ट रूप से खारिज किया है। एन.एच.ए.आई द्वारा इस खबर को भ्रामक, असत्य एवं दुर्भावनापूर्ण बताते हुए संबंधित समाचार पत्र के संपादक को लिखित आपत्ति भी दर्ज कराई गई है।

उन्होंने आगे कहा कि ‘सहयोग शिविर’ की पहल से आमजन की अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित हो रहा है, जिससे जनता में संतोष का वातावरण है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि दो शिक्षण संस्थानों के बीच उत्पन्न विवाद की प्रशासनिक जांच जारी है और दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए कटाव निरोधी कार्यों के साथ-साथ फ्लड फाइटिंग सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण कर सरकार पूरी तरह तैयार है।
श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने बताया कि प्रदेश के लगभग 2.5 लाख बीपीएल परिवारों के घरों की छतों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाए जाएंगे। साथ ही, इन पैनलों से उत्पादित अतिरिक्त बिजली को सरकार निर्धारित दर पर क्रय करेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

