मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड अंतर्गत पीपलावां में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं स्व० श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा होगा। इसको लेकर हम सभी को संकल्प लेना है। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। इस सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 5 करोड़ गरीब लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया, जबकि इंदिरा आवास योजना के तहत वर्ष 1947 से 2014 तक मात्र लगभग 2 करोड़ पक्के मकान बने। हमें गर्व है कि बिहार में 76 लाख पक्का मकान गरीब लोगों के लिए बना। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री बने तो देश की अर्थव्यवस्था विश्व 11वें स्थान पर थी। आज भारत की इकोनॉमी चौथे स्थान पर पहुंच गई है, इसके लिए जी०एस०टी० लागू करने के साथ ही कई सुधार किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बनने का गौरव भाजपा नेता श्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त हुआ है, जिनके नेतृत्व में दो सीट वाली भाजपा 282 सीट हासिल करने में कामयाब हुई। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम, तब पार्टी तब व्यक्ति है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकसित और मजबूत बन रहा है। दुनिया में युद्ध या किसी प्रकार की विकट स्थिति उत्पन्न होने पर शांति स्थापित करने या समस्या के समाधान हेतु अब भारत के प्रधानमंत्री से विचार-विमर्श किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने बड़े पैमाने पर लोगों के जन-धन खाते खुलवाये, जिसके माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान सम्मान निधि तथा एक करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों को मिलने वाली योजनाओं के लाभ की राशि सीधे उनके खाते में भेजी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी की अगुवाई में वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू हुआ। अब रैपिड रेल चलाने की परिकल्पना की गई है। रैपिड रेल का परिचालन शुरू हो जाने के बाद पटना से बक्सर, पटना से गयाजी, पटना से मुजफ्फरपुर तथा पटना से बेगूसराय जाने में जहां 2 घंटे का वक्त लगता था, मात्र 30 से 40 मिनट में रैपिड रेल के माध्यम से यह दूरी तय की जा सकेगी। वर्ष 2019 में हुये लोकसभा चुनाव में जनमत प्राप्त करने के बाद लोकसभा एवं राज्यसभा के समर्थन से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाया। उन्होंने कहा कि 1000 करोड रुपए की लागत से सीतामढ़ी में माँ सीता जी का मंदिर बनाने का काम शुरू हो गया है। वर्ष 2029 तक सीतामढ़ी में अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर की तरह भव्य सीता जी मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। हमलोग सभी लोगों के घरों के छत पर सोलर प्लेट स्थापित करा रहे हैं ताकि उन्हें निर्बाध एवं मुफ्त सोलरयुक्त बिजली अगले 20 से 25 वर्षों तक उपलब्ध हो सके। सोलर प्लेट से उत्पादित बिजली की बचत होने पर राज्य सरकार लोगों से बिजली की खरीद करेगी तथा उसके एवज में राशि उनके खाते में ट्रांसफर करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने हेतु एक करोड़ लोगों को चिन्हित किया गया, जिनमें से अब शेष 7 लाख लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। पक्का मकान निर्माण हेतु राशि जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां बगल में एयरपोर्ट बन रहा है। यहां ट्रॉमा सेंटर बनाने का काम भी शुरू हो गया है। नौबतपुर लख पर एक बड़ा ब्रिज बनाया जाएगा ताकि जाम से लोगों को मुक्ति मिले। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक बिहार के सभी ग्रामीण इलाकों में हर घर तक पी०एन०जी० की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गैस सिलेंडर की अपेक्षा पी०एन०जी० में 30 प्रतिशत पैसे की बचत होती है। कोई अपराधी या माफिया आपको परेशान करें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो हमें अवश्य अवगत कराएं। बिहार में 15 अगस्त से सभी अनुमंडल एवं जिला अस्पतालों से सामान्य बीमारी में रेफर करने की कार्य संस्कृति पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जाएगी। मेजर बीमारी होने पर ही बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है। बिहार में सड़क, उद्योग एवं अन्य विकास कार्यों के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। अधिग्रहित भूमि से जुड़े व्यक्तियों को मुआवजा प्रदान करने हेतु कल ही मंत्रीपरिषद की बैठक में 46,000 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। अधिग्रहित जमीन से जुड़े किसी व्यक्ति के घर में यदि बेटी की शादी है या किसी प्रकार की विपदा है तो 7 दिनों के अंदर मुआवजा पाने हेतु जिलाधिकारी को आवेदन दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक करोड़ लोगों को नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने का संकल्प है इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमलोगों ने बिहार के विभिन्न हिस्सों में टाउनशिप बनाने की योजना तय की है। पाटलिपुत्र नाम से भी एक टाउनशिप विकसित किया जाएगा, जहां उद्योग स्थापित करने के साथ ही बच्चों के खेलने की भी व्यवस्था रहेगी। बिहार के सभी 534 प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में इस प्रकार से मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां सांसद, मंत्री, अधिकारी और गरीब के बच्चे एक साथ पढ़ेंगे। यह अभियान मिलर हाई स्कूल से शुरू किया जायेगा। पुलिस को चुनौती देने वाले अपराधियों को 48 घंटे के अंदर बिहार पुलिस जवाब दे रही है। बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र अंतर्गत सभी प्रखंडों से जुड़े पंचायतों में सब्जी मार्केट, मछली मार्केट और दूध बिक्री केंद्र विकसित किया जाएगा। सभी विभागों के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों को तीन हिस्सों में बांटकर कार्य पूर्ण कराए जाएंगे, जिनमें योजना की एक तिहाई राशि मेंटेनेंस पर, एक तिहाई राशि जनकल्याण पर तथा एक तिहाई राशि राजस्व संग्रह हेतु व्यवस्थित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोलने के जितने भी प्रस्ताव बिहार में आएंगे उन्हें मंजूरी दी जाएगी ताकि यहां के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में आमसभा की बैठक कराकर विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि 20 जून को पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किस्त लाभुकों के खाते में भेजी जाएगी। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, उड़ीसा सहित देश के 22 राज्यों में भाजपा समर्थित सरकार है। यह कार्यकर्ताओं के जगे रहने का प्रमाण है। हमारे कार्यकर्ता जब तक जगकर जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करते रहेंगे, हमें चुनाव में जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा। सहयोग शिविर कार्यक्रम के माध्यम से 3,85,000 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2,65,000 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। विकसित भारत हमारा संकल्प है और आत्मनिर्भर बिहार हमारा लक्ष्य, इन्हीं को ध्यान में रखते हुए हम लोग लगातार विकास के काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनेगा।

कार्यक्रम को सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विधायक श्री सिद्धार्थ सौरभ, विधान पार्षद श्रीमती अनामिका सिंह पटेल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विधायक श्री सिद्धार्थ सौरभ, विधान पार्षद श्रीमती अनामिका सिंह पटेल, पूर्व विधायक श्रीमती उषा विद्यार्थी, पूर्व विधायक श्री रामजन्म शर्मा सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
