भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि बिहार में अपराध चरम पर पहुँच गया है। बेगूसराय में एक महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। इस घटना के मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। बिहार पुलिस अपनी नाकामी को छुपाने के लिए एनकाउंटर का सहारा ले रही है। बिहार पुलिस एनकाउंटर करना बंद करे। भोजपुर में पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर कर निर्दोष की हत्या कर दी। पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी सरकारी योजनाओं में हो रही लूट का मामला लगातार उठा रहे थे। जिसमें पुलिस के संरक्षण में फल फूल रहे शराब के कारोबार भी शामिल हैं। इसलिए पुलिस ने जानबूझकर उसकी हत्या कर दी।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि अपराध में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। खासकर महिला से जुड़े मामले बढ़े हैं। पुलिस थाने में केस नहीं ले रही है और अपराधियों को संरक्षण दे रही है। बेगूसराय जिले के बरौनी अंचल अंतर्गत मल्हीपुर दक्षिणी वार्ड नंबर 10 बिंद टोली में एक शर्मसार करने बाली घटना सामने आई हैं। 11 जून के रात्रि में कई अपराधी अरविंद बिंद को घर में बंद कर दिया एवं उसकी पत्नी का हाथ एवं पैर बांधकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला को जब दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया और भाकपा के बेगूसराय जिला सचिव अवधेश कुमार राय, एवं पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने मामले को उठाया तब जाकर प्रसाशन की आंख खुली इसके बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है जो चिंतनीय है। वहीं पटना जिले के नौबतपुर में तिलक सामरोह का बहाना बनाकर झारखंड की दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
भाकपा राज्य सचिव ने राज्य सरकार से एनकाउंटर पर रोक लगाने, बेगूसराय की बलात्कार पीड़िता को न्याय दिलाने और बलात्कारियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
