बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में अंतिम रूप से सफल हुए सभी 2,027 अभ्यर्थियों को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सुश्री श्रद्धा पांडे को उनकी इस विशेष उपलब्धि के लिए विशेष बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में हमारी बेटियों का शानदार प्रदर्शन, विशेष रूप से टॉप-100 में 45 और टॉप-10 में 5 महिला अभ्यर्थियों का शामिल होना, नए और प्रगतिशील बिहार की एक सुखद तस्वीर प्रस्तुत करता है। आप सभी युवा अधिकारी अब बिहार के प्रशासनिक तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ राज्य के विकास, सुशासन और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य करेंगे। मैं आपके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की कामना करता हूं।
