बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने और ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में परिवहन विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बीच शुक्रवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। इसके तहत पटना के सचिवालय सहित 10 प्रमुख सरकारी परिसरों में फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
समझौते पर परिवहन विभाग की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, बिहार के स्टेट रिटेल, सेल्स हेड श्री राजीव कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर परिवहन विभाग एवं आईओसीएल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रथम चरण में 10 स्थानों पर लगेंगे फास्ट चार्जिंग स्टेशन
एमओयू के तहत प्रथम चरण में आईओसीएल द्वारा पटना में विशेश्वरैया भवन, विकास भवन, सिंचाई भवन, मुख्य सचिवालय, पटना समाहरणालय, विधानसभा, मल्टी मॉडल हब, मल्टी लेवल कार पार्किंग, बेउर मोड़ और हार्डिंग रोड में फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन ने बताया कि इन चार्जिंग स्टेशनों के शुरू होने से सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा। खासकर सचिवालय और अन्य प्रमुख सरकारी परिसरों में ईवी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होने से इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
ईवी चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता: आरिफ अहसन
राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन ने कहा कि आईओसीएल के साथ हुआ यह एमओयू बिहार में ईवी चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बिहार सरकार राज्य में स्वच्छ, सुरक्षित एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य की परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त और सुलभ चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास आवश्यक है।
श्री अहसन ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को चार्जिंग के लिए बेहतर एवं सुलभ सुविधाएं उपलब्ध हों। इस दिशा में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की संस्थाओं के साथ समन्वय कर चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
बिहार में अब तक 210 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित: आईओसीएल
आईओसीएल के स्टेट रिटेल, सेल्स हेड श्री राजीव कुमार ने कहा कि बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए आईओसीएल राज्य में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार में सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि आईओसीएल द्वारा राज्य में अब तक 210 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। परिवहन विभाग के साथ हुए इस समझौते के तहत चिन्हित सरकारी परिसरों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इससे इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को सुविधाजनक और भरोसेमंद चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
बढ़ते ईवी उपयोग के साथ चार्जिंग नेटवर्क का होगा विस्तार
परिवहन विभाग के अनुसार, राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में ईवी चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार भी आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों जैसे प्रमुख स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध होने से इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को अपने दैनिक आवागमन के दौरान चार्जिंग की सुविधा मिल सकेगी।
