
बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत आयोजित प्रदेश कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर संगठन को मजबूत करने, खास तौर पर बूथ इकाई को सशक्त करने पर बल दिया गया।
इस कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत हमारे कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता हैं, जो कि संगठन को मजबूत बनाने और बूथ सशक्तीकरण अभियान जैसे भाजपा के विभिन्न अभियानों को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास करते हैं।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज देश में आप सभी कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं के बदौलत भारतीय जनता पार्टी की सरकार चल रही है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि आगे होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए आप सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को बूथ की इकाई को मजबूत करने के लिए न केवल योजना तैयार करनी होगी, बल्कि उसे सरजमीं पर उतारना होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि बूथ सशक्त चुनाव में विजई होने की गारंटी है। उन्होंने कहा कि नगर से लेकर गांव तक के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं की टोली बनाई जाए। टोली के माध्यम से आमजनों से मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों को बताया जाए। पिछले दिनों सेना ने जो पराक्रम ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दिखाया है, उसके बारे में भी लोगों को बताएं।
उन्होंने कहा, “चुनाव जीतने का एक ही मंत्र है, बूथ को जीतें।”
इस मौके पर संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, प्रदेश महामंत्री शिवेश राम, राजेश वर्मा और जगन्नाथ ठाकुर भी उपस्थित रहे।