
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को सिवान आने वाले हैं। पीएम मोदी के आगमन और उनके स्वागत को लेकर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल आज प्रधानमंत्री के सिवान दौरे के निमित्त सारण पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पीएम की रैली में पहुंचने का आह्वान किया।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल सारण में अलग-अलग तीन स्थानों पर लोगों के साथ बैठक की और पीएम मोदी के सिवान दौरे की जानकारी देते हुए लोगों को रैली में आने का आमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा, “20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार के दौरे पर आने वाले हैं। प्रधानमंत्रित्व काल के 11 सालों में वे 52वीं बार बिहार आ रहे हैं। यह बताता है कि वे बिहार से कितना प्यार करते हैं। 20 जून को सिवान की रैली में सिवान, सारण और गोपालगंज सहित अन्य जिलों के लाखों लोगों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी जब भी बिहार आते हैं, कुछ सौगात लेकर ही आते हैं। इस बार भी वे बिहार को कुछ सौगात देंगे।”
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी का सिवान के पचरुखी प्रखंड के जसौली गांव में कार्यक्रम आयोजित है, जिसके लिए विशाल सभा स्थल तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री का यह दौरा सीवान के लिए ऐतिहासिक होगा और यहां होने वाली रैली पुरानी सभी रैलियों का रिकॉर्ड तोड़ेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन पूरी ताकत के साथ तैयारी में जुट गया है और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि सारण में भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है और लोग अपने प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहे हैं।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के सारण पहुंचने पर भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में जमकर नारे लगाए। कोपा पहुंचने पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं जिलाध्यक्ष वृजमोहन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए धन्यवाद प्रेषित किया। उन्होंने कहा, “संगठन के प्रति आप सबकी यह कर्तव्यपरायणता मुझे सदैव प्रेरित करती है और आप सबके सहयोग से ही हम निरंतर संगठन के लिए बेहतर कार्य करने के प्रयास कर रहे हैं।”