
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का बिहार बंद पूरी तरह असफल रहा है। बिहार की जनता ने मुद्दाविहीन बिहार बंद को पूरी तरह खारिज कर दिया। बंद के दौरान महिलाओं, यात्रियों और पत्रकारों के साथ बदसलूकी की सूचना मिली है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी महिलाओं के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई बदसलूकी की घटना का तीखी निंदा करती है।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि भाजपा और जदयू के कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के साथ बदतमीजी की। जहानाबाद में एक शिक्षका को घसीटा गया। भागलपुर में पत्रकार की पिटाई की गई। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है तब से देश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी है। भाजपा शासित मणिपुर में महिलाओं को नग्न कर घुमाया गया, लेकिन प्रधानमंत्री की नैतिकता नहीं जागी। इस साल बिहार विधानसभा का चुनाव है, इसलिए बिहार बंद का ऐलान किया गया था। बिहार की जनता ने एनडीए के बिहार बंद को पूरी तरह खारिज कर दिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सरकार से महिला शिक्षका के साथ अभद्र व्यवहार करने और भागलपुर में पत्रकार से साथ मारपीट करने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग करती है।