बुधवार को सचिव, पंचायती राज विभाग, बिहार की अध्यक्षता में भवन निर्माण विभाग, बिहार और स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के मुख्य अभियंता एवं पदाधिकारियों के साथ पंचायत सरकार भवन निर्माण, निर्मित पंचायत सरकार भवनों का शीघ्र हस्तांतरण तथा क्रियाशीलता सुनिश्चित करने हेतु समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।
बैठक में सचिव, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए जाने वाले 1069 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण शीघ्र आरंभ हो सके इस हेतु दिनांक 31 दिसंबर 2025 तक स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के अभियंताओं को इनके प्राक्कलन की तकनीकी स्वीकृति प्रदान करने हेतु निदेश जारी करने के लिए पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
कई नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन विभाग को हस्तांतरित नहीं किये गए हैं जिसके कारण ये भवन क्रियाशील नहीं हो पा रहे हैं। स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन द्वारा बनाए गए 367 पंचायत सरकार भवनों में से 146 एवं भवन निर्माण विभाग, बिहार द्वारा बनाए गए 322 पंचायत सरकार भवनों में से पंचायत सरकार 72 भवन ही विभाग को हस्तांतरित हुए हैं। सचिव, पंचायती राज विभाग,बिहार ने इन्हें शीघ्र हस्तांतरित करने का निदेश इन दोनों एजेंसियों को दिया है ताकि आम-जन को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
सचिव, पंचायती राज विभाग, बिहार ने पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य कर रही दोनों एजेंसियों के मुख्य अभियंता एवं पदाधिकारियों को निदेशित किया कि वे पंचायत सरकार भवन निर्माण प्रक्रिया की नियमित रूप से समीक्षा करें तथा कार्य के दौरान आ रही चुनौतियों से विभाग को अवगत कराएं ताकि उनका समाधान कर निर्माण कार्य में तेजी लायी जा सके।
आयोजित बैठक में श्री नज़र हुसैन, अपर सचिव, पंचायती राज विभाग, बिहार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहें।
