दानापुर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अंतर्गत मंडल में कार्य करने वाली महिला रेलकर्मियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में मंडल के लेखा, वाणिज्य, परिचालन, विद्युत, इंजीनियरिंग यांत्रिक, मेडिकल, सामान्य प्रशासन, कार्मिक, संकेत एवं दूरसंचार, सुरक्षा, तथा भंडार विभाग में कार्य करने वाली कुल 67 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में 42 महिला रेल कर्मचारियों को उनके बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया तथा 09 महिला कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध, वाक् एवं क्विज प्रतियोगिता के अंतर्गत और साथ ही राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर पूर्व में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियां में 16 महिला रेल कर्मचारियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक महोदय श्री विनोद कुमार एवं अध्यक्षा दानापुर महिला कल्याण संगठन श्रीमती निशी देव के द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अध्यक्षा, दानापुर महिला कल्याण संगठन के द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया गया, जिसमें उन्होंने सभी महिला रेल कर्मियों को शुभकामना देते हुये रेल सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता का वास होता है। महिलाएं अब हरेक क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे रही हैं । उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला रेलकर्मी अपने-अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रही हैं।
तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश दुनिया की प्रगति के साथ-साथ रेलवे की प्रगति में भी महिलाओं का योगदान सराहनीय है। आज के समय में वह भी पुरुषों से कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। कई क्षेत्रों का नेतृत्व भी उनके हाथों में है। यह सम्मान समारोह मंडल में कार्य करने वाली कुल 956 महिलाएं को समर्पित है।
इस सम्मान समारोह में मंडल के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अतुल कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक(इंफ्रा) श्री राजीव कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की सम्मानित सदस्याएं, यूनियन के प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।
