रेल मंत्रालय ने स्टेशनों के दीर्घकालिक पुनर्विकास के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत स्टेशनों के सुधार हेतु मास्टर प्लान तैयार करना और चरणबद्ध तरीके से उनका कार्यान्वयन करना शामिल है।
इसी योजना के अंतर्गत चयनित दानापुर मंडल का पाटलिपुत्र स्टेशन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है जो पटना जंक्शन स्टेशन के विकल्प के रूप में तैयार हो रहा है। पटना स्टेशन पर बढ़ रहे दबाव के विकल्प के रूप में पाटलिपुत्र स्टेशन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जो आसपास के शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की बड़ी आबादी की जरूरतों को पूरा करता है। यह उत्तरी और दक्षिणी बिहार को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण स्टेशन है तथा दानापुर और सोनपुर मंडल को महत्वपूर्ण संपर्क प्रदान करता है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों के साथ-साथ दैनिक यात्रियों को भी सुविधा मिलती है।
प्राचीन शहर पाटलिपुत्र (वर्तमान पटना) में स्थित होने के कारण पाटलिपुत्र जंक्शन का ऐतिहासिक महत्व है, जो इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाता है।

रेलवे बोर्ड द्वारा 2024 में ही पाटलिपुत्र जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के लिए शामिल किया गया था। इस योजना के तहत उन्नयन से यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा, पहुंच और स्टेशन के समग्र बुनियादी ढांचे में सुधार होगा। वर्ष 2026-27 में इसके लिए 49.30 करोड़ का कार्य प्रस्तावित है।
पाटलिपुत्र स्टेशन से लगभग 33 जोड़ी मेल एक्सप्रेस ट्रेनें तथा 10 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें खुलती/गुजरती हैं। पाटलिपुत्र स्टेशन पर 05 प्लेटफार्म हैं जहां प्रतिदिन लगभग 21734 फुटफॉल है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार यूटीएस के माध्यम से प्रतिदिन औसत आय 7.58 लाख एवं पीआरएस के माध्यम से प्रतिदिन औसत आय 31.26 लाख है।
पाटलिपुत्र स्टेशन के नजदीक ही पाटलिपुत्र कोचिंग परिसर का निर्माण किया जा रहा है जो वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसकी प्रारंभिक लागत 199.36 करोड़ तथा वर्तमान में इसकी नवीनतम स्वीकृत लागत 283.16 करोड रुपए है।
पाटलिपुत्र कोचिंग कंपलेक्स में एक प्रशासनिक बिल्डिंग के साथ ही 03 स्टेबलिंग लाइन 01 पिट लाइन 01 वॉशिंग लाइन 02 वर्कशॉप लाइन 03 इंस्पेक्शन बे लाइन का निर्माण किया जाना है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पाटलिपुत्र स्टेशन के पुनर्विकास तथा पाटलिपुत्र कोचिंग कंपलेक्स बन जाने के पश्चात यात्रियों के लिए पाटलिपुत्र स्टेशन एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में उभर कर आएगा ।
