ग्राम पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम /कब्रिस्तान में किए जा रहे अंतिम संस्कार एवं 24 घंटे के अंदर निर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित प्रतिवेदन जिलों द्वारा विभाग को नियमित रूप से भेजी जाए। अनुपालन नहीं करने पर विभाग द्वारा स्पष्टीकरण की मांग करते हुए संबंधित पदाधिकारियों पर तय की जाएगी जवाबदेही – श्री नवीन कुमार सिंह, निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार
आज दिनांक 29 अप्रैल 2026 को श्री नवीन कुमार सिंह, निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार की अध्यक्षता में विभाग द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति हेतु राज्य के सभी जिलों के उप-विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने कहा कि ‘सबका सम्मान- जीवन आसान’ निश्चय के तहत ग्राम पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम/कब्रिस्तान में अंत्येष्टि होने पर मृतक के परिजनों को 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत हो यह सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को ग्राम पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम में की जा रही अंत्येष्टि तथा 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने से संबंधित प्रतिवेदन विभाग को नियमित रूप से समर्पित करने हेतु निदेशित किया। यदि पदाधिकारियों द्वारा इसका अनुपालन नहीं किया जाता है तो संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए विभाग द्वारा उनपर जवाबदेही तय जाएगी। निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने राज्य की 2000 ग्राम पंचायतों में शीघ्र आधार सेवा केंद्र का संचालन सुनिश्चित करने हेतु पदाधिकारियों को निदेशित किया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत राज्य की ग्राम पंचायतों में 10,88,848 सोलर स्ट्रीट लाइट्स का अधिष्ठापन किया जा चुका है। निदेशक, पंचायती राय विभाग ने शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा कार्य में लापरवाही करने वाली एजेंसियों से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए अनुबंध के अनुसार कार्रवाई करने हेतु पदाधिकारियों को निदेशित किया। उन्होंने क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट्स के रख- रखाव हेतु एजेंसी द्वारा बनाए गए सर्विस स्टेशनों का नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने हेतु पदाधिकारियों को निदेशित किया। साथ ही अधिष्ठापित सोलर स्ट्रीट लाइट्स अनिवार्य रूप से केंद्रीकृत अनुश्रवण प्रणाली से शत प्रतिशत इंटीग्रेशन सुनिश्चित करने हेतु भी निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
राज्य की ग्राम पंचायतों में तेजी पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए जा रहे पंचायत सरकार भवनों के मानक प्राक्कलन की तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ करने के लिए निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने पदाधिकारियों को निदेशित किया। साथ ही जिन निर्मित पंचायत सरकार भवनों का हस्तांतरण नहीं हुआ है उनका शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित कर उन्हें क्रियाशील करने हेतु निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान – उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं अंकेक्षण, लंबित न्यायिक वाद, अनुरक्षक का मानदेय एवं जन शिकायत की अद्यतन स्थिति की समीक्षा निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा की गई।
आहूत समीक्षात्मक बैठक में श्री नज़र हुसैन, अपर सचिव, श्री शम्स जावेद अंसारी, संयुक्त सचिव सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें।
