दानापुर मंडल में आरपीएफ एवं जीआरपी के संयुक्त अभियान में बक्सर स्टेशन पर तीन महिला अपराधियों को पकड़ा गया तथा बाढ़ स्टेशन पर 294 कैन बियर बरामद किया गया।
दिनांक 12.05.2026 की रात्रि में ऑपरेशन “सतर्क” के तहत आरपीएफ पोस्ट बख्तियारपुर द्वारा विशेष नाइट चेकिंग एवं गश्ती अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अथमलगोला स्टेशन पर सिग्नल एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई, जहां सभी व्यवस्था सामान्य पाई गई। इसके उपरांत आरपीएफ टीम द्वारा बाढ़ स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22587 सियालदाह–वाराणसी अमृत भारत एक्सप्रेस के आगमन के समय गुप्त निगरानी की गई। निगरानी के क्रम में उक्त ट्रेन रात्रि 02:19 बजे एसीपी (Alarm Chain Pulling) हुई। तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ टीम द्वारा जांच की गई, जिसमें दो व्यक्तियों को सात झोलों में कुल 294 कैन किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियम बीयर के साथ पकड़ा गया। जप्त बीयर की प्रत्येक कैन 500 एमएल क्षमता की तथा प्रत्येक की कीमत लगभग ₹150/- पाई गई। सभी बीयर पर “For Sale Only Jharkhand” अंकित था। जप्त बीयर की कुल मात्रा 147 लीटर एवं कुल अनुमानित कीमत ₹44,100/- आंकी गई।
मौके से गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान —
मौसम कुमार, उम्र 19 वर्ष, पिता मुकेश महतो, निवासी पॉथमां, थाना बाढ़, जिला पटना।
शशि कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता इलायची पासवान, निवासी भेंटगावां, थाना बाढ़, जिला पटना।
आरपीएफ द्वारा जप्त बीयर एवं दोनों अभियुक्तों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु लिखित शिकायत पत्र के साथ जीआरपी बाढ़ को सुपुर्द कर दिया गया है। जीआरपी बाढ़ द्वारा मामले के पंजीकरण की प्रक्रिया की जा रही है।
वहीं दूसरे मामले में दिनांक 12.05.2026 को “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत आरपीएफ बक्सर एवं जीआरपी बक्सर द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान अंतर्राज्यीय महिला अपराधी गिरोह की तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। घटना के अनुसार, गाड़ी संख्या 22670 के बक्सर स्टेशन से खुलते ही उक्त महिलाओं द्वारा यात्रियों के दो सोने के लॉकेट छीन लिए गए। तत्परता एवं सतर्कता दिखाते हुए आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से चोरी गए दो सोने के लॉकेट कृत्रिम माला सहित बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण निम्नवत है —
दुर्गावती देवी, उम्र 40 वर्ष, पति– जितेंद्र कुमार, निवासी– मीरगंज, थाना– खलीलाबाद, जिला– संत कबीर नगर (उ.प्र.)
नंदिता देवी, उम्र 40 वर्ष, पति– मुन्ना प्रसाद, निवासी– परदाहा, थाना– कोतवाली, जिला– मऊ (उ.प्र.)
खुशबू कुमारी, उम्र 20 वर्ष, पति– रॉबिन प्रसाद, निवासी– परदाहा, थाना– कोतवाली, जिला– मऊ (उ.प्र.)
जांच के दौरान गिरफ्तार महिलाओं के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में चोरी एवं आपराधिक मामलों में संलिप्तता पाई गई।
इस कार्रवाई में आरपीएफ के एएसआई उमेश कुमार राय, एचसी सियारामन प्रसाद, कांस्टेबल एसएनएस यादव, दीपक कुमार, राहुल यादव तथा जीआरपी टीम की सक्रिय भूमिका रही।
गिरफ्तार अभियुक्तों एवं बरामद सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है।
