बिहार पर्यटन विभाग कोलकाता स्थित खुदीराम अनुशीलन केंद्र में 19 से 21 जून 2026 तक आयोजित “बंगाल टूरिज्म फेस्ट 2026” में सहभागिता कर रहा है। यह आयोजन ‘एसोसिएशन ऑफ़ टूरिज्म सर्विस प्रोवाइडर्स ऑफ़ बंगाल’ द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक श्री राजेश रोशन के नेतृत्व में बिहार पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं विरासत पर्यटन स्थलों का समुचित प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विभाग के प्रदर्शनी स्टॉल पर बिहार की पर्यटन संभावनाओं, पर्यटन परिपथों, बौद्ध, जैन, सिख तथा रामायण सर्किट सहित राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से संबंधित प्रचार सामग्री आगंतुकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही है।

इस सहभागिता का उद्देश्य बिहार को एक प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना, संभावित पर्यटकों, टूर ऑपरेटरों तथा यात्रा व्यवसाय से जुड़े हितधारकों के बीच राज्य की पर्यटन संपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अंतर्राज्यीय पर्यटन सहयोग को सुदृढ़ करना है। कोलकाता जैसे महत्वपूर्ण महानगर में आयोजित इस प्रकार के पर्यटन आयोजन बिहार की पर्यटन छवि को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए उपयोगी मंच प्रदान करते हैं।
बिहार पर्यटन विभाग का मानना है कि ऐसे आयोजनों में सहभागिता से राज्य में धार्मिक पर्यटन, विरासत पर्यटन, सांस्कृतिक पर्यटन तथा अवकाश पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे पश्चिम बंगाल सहित पूर्वी भारत के पर्यटकों के बीच बिहार के विविध पर्यटन स्थलों के प्रति आकर्षण और अधिक सुदृढ़ होगा।
विभाग ने आमजन, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों तथा यात्रा प्रेमियों से बिहार पर्यटन स्टॉल का अवलोकन करने और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन संभावनाओं की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया है।
