बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार आज पटना के ज्ञान भवन सभागार में आयोजित आईसीसी रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, सोलर डेवलपर्स, ईपीसी कंपनियों, निर्माताओं, वित्तीय संस्थानों एवं निवेशकों को संबोधित करते हुए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बिहार की बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि भारतीय चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) द्वारा आयोजित यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास और हरित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मंच है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सरकार, उद्योग और समाज को एक साझा मंच पर लाकर नवाचार, संवाद और निवेश के नए अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। बिहार भी इस दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है और राज्य के हजारों परिवार सौर ऊर्जा को अपनाकर न केवल अपनी बिजली आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहे हैं, बल्कि हरित ऊर्जा आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि भारत ने वर्ष 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में व्यापक वृद्धि तथा वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इन राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति में बिहार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में उपलब्ध संसाधनों, सरकारी प्रोत्साहन और निजी क्षेत्र की भागीदारी से बिहार स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाली विभिन्न कंपनियों, निर्माताओं, ईपीसी पार्टनर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स एवं तकनीकी सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नवाचार, गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता से ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने विशेष रूप से बिहार में निवेश और तकनीकी विकास के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार अब केवल ऊर्जा उपभोक्ता राज्य नहीं रह गया है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा और सौर उद्योग के क्षेत्र में उभरते हुए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने सभी हितधारकों से मिलकर स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भर बिहार और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े अनेक विशेषज्ञ, उद्योगपति, निवेशक, उद्यमी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
