द इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन (IMSA) के तत्वावधान में “Emerging Trends in Vedic Mathematics and Science in the Indian Knowledge System” विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 5 से 7 दिसंबर 2026 तक आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना में प्रस्तावित है।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुचारु आयोजन को लेकर आज 9 सितंबर 2026 को आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शरद कुमार यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रो. के.सी. सिन्हा, अध्यक्ष, इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन एवं पूर्व कुलपति, नालंदा खुला विश्वविद्यालय ने बताया कि सम्मेलन में देश-विदेश के अनेक प्रख्यात विद्वानों की सहभागिता होगी तथा कई विशिष्ट विद्वानों को सम्मानित भी किया जाएगा।
प्रो. विजय कुमार, सचिव, द इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन एवं गणित विभाग, कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना ने बताया कि सम्मेलन में देश-विदेश के अनेक शिक्षाविद्, गणितज्ञ, वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान शोध-पत्रों की प्रस्तुति के साथ-साथ शिक्षा सुधार (Education Reform), भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक गणित एवं विज्ञान के समकालीन उपयोग तथा शिक्षा व्यवस्था में नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी।
बैठक में सम्मेलन के आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न सत्रों, अतिथियों के स्वागत, शोध-पत्र प्रस्तुति तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य श्री अजय यादव, विश्वविद्यालय निरीक्षक प्रो. कृष्णनंदन प्रसाद, प्रो. अरुण कुमार सिंह सहित पटना एवं आयोजन समिति से जुड़े अन्य गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारतीय ज्ञान परंपरा, विशेषकर वैदिक गणित एवं विज्ञान को वैश्विक अकादमिक विमर्श से जोड़ने तथा आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में उसके समकालीन उपयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
