बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 13 वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की और पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं। इस प्रकार उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री नंद किशोर राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा, विकास और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने देश के गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा और आम नागरिक की चिंता करते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित अनेक योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को मिला है। कोरोना काल में देश के प्रत्येक व्यक्ति के टीकाकरण का व्यापक अभियान चलाकर सरकार ने नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की।
उन्होंने कहा कि जब कोई सरकार और प्रधानमंत्री देशवासियों के स्वास्थ्य, कल्याण, विकास और भारत को विश्वगुरु बनाने की चिंता करते हैं, तो देशवासियों का भी दायित्व बनता है कि वे उन्हें अपना आशीर्वाद दें। इसी उद्देश्य से 17 सितंबर को शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच देश और बिहार के गांव-गांव, घर-घर तथा समाज के सम्मानित लोगों से ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने बिहारवासियों सहित देशवासियों से अपील की कि वे इस अवसर पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।
मंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया’ की भावना के साथ युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 सितंबर को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज-सेवा संकल्प अभियान के पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन और क्रियान्वयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज का उद्देश्य देश के युवाओं की नवाचार और रचनात्मक सोच को स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान से जोड़ना है। युवा अपने आसपास की वास्तविक समस्याओं को पहचानेंगे, उनके नवीन एवं व्यवहारिक समाधान विकसित करेंगे और यह भी प्रदर्शित करेंगे कि उनके समाधान को धरातल पर किस प्रकार लागू किया जा सकता है।
नंद किशोर राम ने कहा कि इस अभियान में विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ आईटीआई, पॉलिटेक्निक के छात्र, युवा प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप, युवा उद्यमी, स्वतंत्र इनोवेटर्स, ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं, अटल टिंकरिंग लैब से जुड़े छात्र तथा पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, कृषि और विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों को अवसर दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर ‘जूनियर’ और ‘ओपन’ दो श्रेणियां रखी गई हैं, ताकि स्कूली एवं आईटीआई के विद्यार्थियों की तुलना सीधे स्थापित स्टार्टअप से न हो।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा, पशुपालन, मत्स्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नगर विकास, कृषि और उद्योग विभागों को जोड़कर युवाओं के नवाचार को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा। यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा।
प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर ने कहा कि नेशनल इनोवेशन चैलेंज सेवा संकल्प अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह कार्यक्रम बिहार के किसानों, युवाओं, छात्रों और विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े उन सभी लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो अपने अभिनव विचारों के साथ समाज की समस्याओं का समाधान करना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को तारामंडल में इनोवेशन पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। पोर्टल के माध्यम से प्रतिभागी स्वयं को पंजीकृत कर सकेंगे और अपने नवाचार को जिला एवं प्रदेश स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त करेंगे। इसके बाद फिनाले के दौरान प्रदर्शनी के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने इनोवेशन को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
अमृता भूषण राठौर ने बताया कि 19 सितंबर के कार्यक्रम से पहले ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी कार रैली’ भी निकाली जाएगी। इसमें 25 कारें शामिल होंगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्षों और उनकी 25 प्रमुख योजनाओं का प्रतीक होंगी। प्रत्येक कार को एक विशेष नवाचार के रूप में तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री की संबंधित योजना और उसके प्रभाव को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कार रैली को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी , मंत्री नंद किशोर राम और सांसद संजय जायसवाल द्वारा फ्लैग ऑफ किया जाएगा। रैली पटना महानगर और पटना ग्रामीण से शुरू होकर अरवल, भोजपुर, रोहतास सहित विभिन्न जिलों से होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक जाएगी। इसके बाद तारामंडल में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रमुख नितिन अभिषेक, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर तथा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू उपस्थित रहे।
