जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम ने सोशल मीडिया संवाद करते हुए कहा कि बिहार की राजनीति में आज एक ऐसा व्यक्तित्व उभरकर सामने आ रहा है जिसने अपनी पहचान विरासत से नहीं बल्कि संस्कार, सादगी और समर्पण से बनाई है। वह नाम है श्री निशांत कुमार।
माननीय श्री नीतीश कुमार जी के पुत्र होने के बावजूद श्री निशांत कुमार ने कभी भी पारिवारिक प्रभाव या राजनीतिक विरासत का प्रदर्शन नहीं किया। उन्होंने सादगी, संयम और सेवा के मार्ग को चुना है। यही कारण है कि आज वे समाज के हर वर्ग के बीच सम्मान और विश्वास का प्रतीक बनते जा रहे हैं।
श्री निशांत कुमार बार-बार यह कहते हैं कि उन्हें अपनी माता से संस्कार मिले हैं और अपने पिता के कार्यों पर गर्व है। यह केवल एक भावनात्मक वक्तव्य नहीं बल्कि उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक सोच की गहराई को दर्शाता है। आज जब कई लोग अपनी राजनीतिक पहचान बनाने के लिए विरासत से दूरी बनाते हैं, वहीं श्री निशांत कुमार अपने पिता के विकास कार्यों और जनसेवा की राजनीति को गर्व के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लेते दिखाई देते हैं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया है कि अपराध, भ्रष्टाचार और समाज को बांटने वाली विचारधाराओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह केवल एक राजनीतिक बयान नहीं बल्कि बिहार के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने वाला संकल्प है।
माननीय श्री नीतीश कुमार ने अपने नेतृत्व में बिहार को नई पहचान दी है। सुशासन, महिला सशक्तिकरण, जीविका, शिक्षा, सड़क, पुल, बिजली, पानी और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, उन्होंने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
श्री निशांत कुमार अब उसी विकास माॅडल और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए जनता के बीच संवाद स्थापित कर रहे हैं। वे गांव-गांव जाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों से मिल रहे हैं, उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और उनसे सीधा जुड़ाव बना रहे हैं। उनकी सद्भाव यात्रा ने जनता के बीच विश्वास और अपनत्व का वातावरण तैयार किया है।
बुजुर्गों से आशीर्वाद लेना, महिलाओं की समस्याओं को सुनना, युवाओं से संवाद करना और कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ना-इन सभी प्रयासों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं, न कि व्यक्तिगत लाभ का साधन।
उनकी यात्राओं के दौरान जिस प्रकार जनता में उत्साह, ऊर्जा और भरोसा देखने को मिला है, वह इस बात का संकेत है कि बिहार की जनता उन्हें भविष्य की नई उम्मीद के रूप में देख रही है। लोगों का मानना है कि माननीय नीतीश कुमार जी की राजनीतिक विरासत, उनके विकासवादी विचार और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की क्षमता श्री निशांत कुमार में मौजूद है।
