बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग मंत्री सह अरवल जिला के प्रभारी मंत्री श्री दीपक प्रकाश दिनांक 10 सितंबर को अरवल जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
दौरे की शुरुआत प्रखंड वंशी अंतर्गत ग्राम शादीपुर से होगी, जहां जिला प्रभारी मंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे तथा बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे। राहत शिविरों में मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा भोजन-पेयजल की व्यवस्था की निगरानी करते हुए मंत्री महोदय शिविरों में साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं दवाइयों की उपलब्धता के साथ-साथ पशु चिकित्सा व्यवस्था एवं पशुओं हेतु दवाइयों के समुचित प्रबंध का भी ब्यौरा लेंगे। इसके उपरांत मंत्री महोदय वंशी प्रखंड पहुंचेंगे, जहां भी वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए स्थानीय पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।
तत्पश्चात,वे प्रखंड कुर्था अंतर्गत ग्राम छतोई पहुंचेंगे, जहां वे हाल ही में दिवंगत हुए श्री शिवम कुमार के शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाएंगे एवं गहरी संवेदना व्यक्त करेंगे।
इस कड़ी में अंत में जिला प्रभारी मंत्री समाहरणालय, अरवल पहुंचेंगे, जहां वे जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति, राहत कार्यों एवं जिले से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
